ब्रज कला चौपाल के 4 वर्ष पूरे, 13 जून को ‘अपना मंच 2.0’ में सजेगा कला और संस्कृति का महाकुंभ

  • 3 days ago
  • 271 views


मथुरा। ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यरत ब्रज कला चौपाल अपने चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 13 जून को भव्य सांस्कृतिक महोत्सव ‘अपना मंच 2.0’ का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम मथुरा के पांचजन्य ऑडिटोरियम में दोपहर 2:30 बजे से आयोजित होगा, जिसमें कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

संस्था की अध्यक्ष एवं संस्थापिका नम्रता सिंह ने बताया कि यह आयोजन ब्रज कला चौपाल की चार वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा का उत्सव है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ होगा, जिसके बाद विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा।

‘अपना मंच 2.0’ में श्रीकृष्ण वंदना पर आधारित कथक नृत्य, ब्रज लोक नृत्य, भजन गायन, देशभक्ति गीत, महाकाली स्वरूप प्रस्तुति, नाट्य मंचन, वाद्य यंत्रों की मधुर धुनें, बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियां और काव्य पाठ जैसे विविध कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र के अनुभवी कलाकारों के साथ-साथ नवोदित प्रतिभाओं को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

नम्रता सिंह ने कहा कि ‘अपना मंच 2.0’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और प्रतिभाओं को सम्मान देने का एक सशक्त अभियान है। संस्था का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और उनमें कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में ब्रज कला चौपाल ने अनेक कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है। इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष का आयोजन और भी भव्य एवं आकर्षक बनाया गया है।

संस्था ने सभी ब्रजवासियों, कला प्रेमियों और संस्कृति से जुड़े लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने तथा ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। यह महोत्सव निश्चित रूप से कला, संस्कृति और परंपरा के रंगों से सजा एक यादगार आयोजन साबित होगा

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now