भाई दूज पर मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़, रेलवे ने किए विशेष इंतजाम

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 5h Ago 125 Views


मथुरा। भाई दूज के पावन पर्व पर अपने भाई-बहनों से मिलने और त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकले। त्योहार के चलते जहां शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति देखने को मिली, वहीं मथुरा रेलवे जंक्शन पर भी यात्रियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। खासकर मथुरा से हाथरस और कासगंज की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।

सुबह से ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी। ट्रेन के इंतजार में बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर मौजूद रहे। ट्रेनों के पहुंचते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया।

मथुरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान तैनात रहे। जवानों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर व्यवस्था संभाली तथा यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में बैठाने में सहयोग किया, जिससे भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों का भी प्रबंध किया गया। इसके साथ ही दिवाली स्पेशल मेमो ट्रेन का संचालन भी किया गया, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिल सके। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहार के मद्देनजर ट्रेनों की व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मथुरा रेलवे जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि भाई दूज सहित त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का विस्तार भी बढ़ाया गया है, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भाई दूज के पर्व पर मथुरा रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now