दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं! पटाखे के धमाके से सहमा 6 साल का मासूम, भागते समय गिरा, अस्पताल में तोड़ा दम

  • संवाददाता: दिलीप अग्रवाल
  • 13h Ago 135 Views


मेरठ। दिवाली का त्योहार जहां खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पटाखे की तेज आवाज से घबराकर घर के अंदर भाग रहे छह वर्षीय मासूम की गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक, मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित शिव शक्ति नगर में रविवार रात छह वर्षीय हर्ष अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में एक युवक पटाखे जला रहा था। अचानक पटाखे का तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज से मासूम बुरी तरह सहम गया।

डर के कारण हर्ष तेजी से घर के अंदर की ओर भागा, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार सुबह उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हर्ष की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम की बड़ी बहन भी भाई को खोने के गम में सदमे में है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में बच्चे के सिर में चोट की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

यह घटना एक बार फिर तेज आवाज वाले पटाखों और आतिशबाजी के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now