मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, समोसे-ब्रेड पकोड़े की गुणवत्ता पर उठे सवाल

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 13h Ago 173 Views


मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खानपान का सामान बेचने वाले कुछ वेंडरों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों को बेचे जा रहे समोसे और ब्रेड पकोड़ों की गुणवत्ता तथा स्वच्छता को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि समोसे और ब्रेड पकोड़ों के साथ सॉस के पाउच देने के बजाय नमक-मिर्च और गुड़ का घोल बोतल से डालकर परोसा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर खानपान के निर्धारित मानकों के तहत समोसे और ब्रेड पकोड़ों के साथ गुणवत्तायुक्त सॉस उपलब्ध कराया जाना चाहिए। लेकिन आरोप है कि अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में कुछ वेंडर सॉस के पाउच की जगह नमक, मिर्च और गुड़ से तैयार घोल का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस घोल को बोतल में भरकर सीधे खाद्य पदार्थों पर डालकर यात्रियों को दिया जा रहा है।

इतना ही नहीं, ब्रेड पकोड़े की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि इन्हें तैयार करने में बेसन के स्थान पर रंगीन आटे का इस्तेमाल किया जा रहा है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह खाद्य सुरक्षा और यात्रियों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है।

गौरतलब है कि मथुरा जंक्शन पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री अक्सर स्टेशन पर मिलने वाले खानपान पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।

इस संबंध में जब स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि समोसे और ब्रेड पकोड़ों के साथ गुणवत्तायुक्त सॉस का पाउच दिया जाना अनिवार्य है। यदि कोई वेंडर बोतल से सॉस डालकर यात्रियों को खाद्य पदार्थ दे रहा है तो यह रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि ऐसे वेंडरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह मामला सीधे यात्रियों की सेहत से जुड़ा हुआ है।

अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता से जांच करता है और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खानपान उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now