मथुरा में पटाखा फोड़ते समय भीषण हादसा, लोहे की नाल फटने से युवक का हाथ और आंख गंभीर रूप से घायल

  • 1d Ago 207 Views


दीपावली की खुशियों के बीच मथुरा के सौंख कस्बे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पटाखा फोड़ने के लिए इस्तेमाल की जा रही लोहे की नाल अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना भीषण था कि युवक के हाथ और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस घटना ने बाजारों में खुलेआम बिक रही लोहे की नाल और उसकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, पूरा मामला मथुरा के मग्गोर्रा थाना क्षेत्र के सौंख कस्बे का है। बताया जा रहा है कि युवक लोहे की नाल से पटाखा फोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक नाल में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि युवक इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। युवक के हाथ और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इस हादसे के बाद कस्बे के बाजारों में कथित तौर पर अवैध रूप से बिक रही लोहे की नाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर प्रतिबंधित या असुरक्षित विस्फोटक उपकरणों की बिक्री पर निगरानी कौन कर रहा है? फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर पटाखों के इस्तेमाल में लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now