परिक्रमा कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, 13 घायल...
- 18h ago
वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी वृंदावन को लगातार बढ़ती जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता अभियान "आवाज उठाओ, जाम हटाओ" का शुभारंभ किया गया। वृंदावन सिविल सोसाइटी के तत्वावधान में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जागरूक करना और जनसहभागिता के माध्यम से जाम मुक्त वृंदावन का निर्माण करना है।
नगर निगम चुंगी चौराहे से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन, निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग तथा सड़क किनारे अतिक्रमण न करने के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने कहा कि वृंदावन प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या केवल प्रशासनिक कार्रवाई से खत्म नहीं होगी, बल्कि इसके समाधान के लिए जनसहयोग सबसे बड़ी ताकत है। यदि नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से बचें तो काफी हद तक इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
वहीं नगर निगम उपसभापति मुकेश सारस्वत ने कहा कि वृंदावन की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए जाम मुक्त वातावरण बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़कें सभी की साझा संपत्ति हैं और उन पर अनावश्यक कब्जा या वाहन खड़ा करना दूसरों के लिए परेशानी का कारण बनता है। उन्होंने प्रशासन के प्रयासों में सहयोग देने का आह्वान किया।
व्यापारी नेता धनेंद्र अग्रवाल बॉबी और पवन ठाकुर ने कहा कि जाम का सबसे अधिक असर स्थानीय व्यापार, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों पर पड़ता है। लंबे जाम से जहां लोगों का समय बर्बाद होता है, वहीं व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारिक संगठन इस अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे और व्यापारियों को भी जागरूक करेंगे।
वृंदावन सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राणा ने बताया कि अभियान के तहत जागरूकता वाहन लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि "जाम मुक्त वृंदावन" केवल प्रशासन का लक्ष्य नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वृंदावन को जाम मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में वृंदावन की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर