फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप, गुड़गांव के कारोबारी ने SSP से लगाई न्याय की...
- 10h ago
वृंदावन में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर शनिवार को भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर की प्रमुख सड़कों पर निकली इस विशाल शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजे और जयघोषों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में विप्र समाज सहित सभी वर्गों के लोगों और बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने भाग लिया।
संयोजक आशीष गौतम उर्फ चिंटू भैया ने बताया कि वृंदावन में इस प्रकार की भव्य शोभायात्रा पहली बार इतने विशाल स्वरूप में आयोजित की गई। शोभायात्रा का शुभारंभ रंगजी मंदिर से हुआ, जो चुंगी चौराहा, प्रताप बाजार, लोई बाजार, बांके बिहारी मंदिर और कालिदह चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई परशुराम पार्क पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और भगवान परशुराम के जयकारों से नगर गूंज उठा।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान, शीतल पेय और फल वितरण की व्यवस्था भी की गई। आकर्षक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन से जुड़े धर्मेंद्र गौतम लीला ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विप्रजनों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्था शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की गई।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर