उत्तर प्रदेश में आसमानी आग: 45°C तक पहुंचा पारा, 40 जिलों में रेड अलर्ट, वॉर्म नाइट ने बढ़ाई चिंता

  • 158d Ago 286 Views


अप्रैल का महीना है, लेकिन हालात जून-जुलाई जैसी तपिश के हो गए हैं। उत्तर प्रदेश इस समय भीषण हीटवेव यानी लू की चपेट में है। गर्मी ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया है कि प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में दिन के समय बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है। पारा लगातार 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। दिन ही नहीं, अब रातें भी डराने लगी हैं। प्रदेश में पहली बार 18 जिलों में “वॉर्म नाइट” यानी गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है।

मथुरा भी प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल है, जहां तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग दिन में लू और रात में वॉर्म नाइट की स्थिति के चलते घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

वॉर्म नाइट तब होती है जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है। दिन में तो शरीर पसीने के जरिए खुद को ठंडा करता है, लेकिन रात में तापमान कम न होने पर शरीर को आराम और रिकवरी का मौका नहीं मिलता, जिससे हीट स्ट्रेस बढ़ जाता है। यह स्थिति बच्चों, बुजुर्गों और दिल के मरीजों के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है।

सावधानी के तौर पर विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, चाहे प्यास लगे या नहीं, हर आधे घंटे में हाइड्रेशन बनाए रखें। नींबू पानी, ओआरएस, लस्सी और छाछ का सेवन करें। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और चेहरे को सूती कपड़े से ढककर निकलें और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें।

बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, उन्नाव, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, नोएडा सहित 40 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर और हापुड़ समेत 18 जिलों में वॉर्म नाइट का अलर्ट है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now