श्री द्वारकाधीश मंदिर में चांदी के पालने में विराजे ठाकुरजी, भक्तों ने किए दिव्य दर्शन

  • 2h ago
  • 124 views


मथुरा के प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में अधिक मास के शुभ अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। ठाकुरजी ने चांदी के पालने में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

श्री द्वारकाधीश मंदिर में अधिक मास के विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ आज विधिवत रूप से किया गया। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज द्वारा अधिक मास के सभी विशेष कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।

कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह ग्वाल दर्शन के दौरान हुई, जब प्रातः 8:25 बजे से 8:40 बजे तक ठाकुर द्वारकाधीश जी महाराज चांदी के पालने में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। इस विशेष पल को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि सनातन परंपरा में समय की गणना सूर्य वर्ष और चंद्र वर्ष के आधार पर होती है। दोनों की गणना में अंतर होने के कारण हर तीन वर्ष में एक अतिरिक्त माह जुड़ता है, जिसे अधिक मास या पुरुषोत्तम मास कहा जाता है। यह माह पूजा-पाठ, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार पूरे अधिक मास में मंदिर में विभिन्न विशेष मनोरथ उत्सव और धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे, जिनमें श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रहने की संभावना है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now