सीसागढ़ी से जरारा तक बदहाल सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

  • 46 days ago
  • 99 views


मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में सीसागढ़ी से जरारा तक करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क की जर्जर हालत से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। जगह-जगह गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जरारा में सीसागढ़ी से जरारा तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी सतह राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार के “गड्ढा मुक्त सड़क” के दावे केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रहे हैं।

हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं, राहगीरों और पशुओं तक का निकलना मुश्किल हो जाता है। कीचड़ और पानी के कारण आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। पशुओं का चारा लाने-ले जाने में भी ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार हारी-बीमारी की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में घंटों की देरी हो जाती है। खराब सड़क के चलते एंबुलेंस और अन्य वाहन भी गांव तक आसानी से नहीं पहुंच पाते।

ग्रामीण रामचंद्र सोलंकी निवासी जरारा और उमाकांत वार्ष्णेय निवासी नगला जगरूपा ने बताया कि नगला रामरतन टी-पॉइंट से सीसागढ़ी तक पीडब्ल्यूडी द्वारा सीसी सड़क का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन सीसागढ़ी से जरारा तक का मार्ग आज भी जर्जर बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन मिले। ग्रामीणों में मुकेश कुमार शर्मा, प्रेमी शर्मा, पप्पू शर्मा, विनोद सिंह, जयपाल, हरीशचंद और रामवीर सहित अन्य लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now