सतोहा के शांतनु कुंड में 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी, 3 दिन से थी लापता

  • संवाददाता: अनुज शर्मा
  • 13h Ago 159 Views


थाना हाईवे क्षेत्र के गांव सतोहा स्थित शांतनु बिहारी जी कुंड में रविवार सुबह 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने कुंड में शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुंड से बाहर निकलवाया, जहां उसकी पहचान गांव की ही 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के रूप में हुई।

शव की पहचान होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनी बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि मृतका के परिजनों ने शनिवार को थाना हाईवे में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जिस बच्ची को परिवार तीन दिन से ढूंढ रहा था, उसका शव घर के सामने स्थित शांतनु कुंड में मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किशोरी की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now