Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 27 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सतोहा के शांतनु कुंड में 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी, 3 दिन से थी लापता

थाना हाईवे क्षेत्र के गांव सतोहा स्थित शांतनु बिहारी जी कुंड में रविवार सुबह 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थी और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने कुंड में शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुंड से बाहर निकलवाया, जहां उसकी पहचान गांव की ही 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के रूप में हुई।

शव की पहचान होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनी बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि मृतका के परिजनों ने शनिवार को थाना हाईवे में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जिस बच्ची को परिवार तीन दिन से ढूंढ रहा था, उसका शव घर के सामने स्थित शांतनु कुंड में मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किशोरी की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होगा।

Previous News

वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के 25 वर्षीय शिष्य ने चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, CCTV फुटेज आया सामने, देखें वीडियो?

Next News

क्षमावाणी पर्व पर कोसीकलां में निकली भव्य शोभायात्रा