सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्रों ने चलाया स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का...
- 7h ago
मथुरा के संस्कृति विश्वविद्यालय का 10वां स्थापना दिवस समारोह विश्वविद्यालय के मुख्य मैदान में भव्य अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा, वहीं लोकप्रिय गायक मोहम्मद इरफान के गीतों और डीजे की धुन पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, प्रति कुलाधिपति राजेश गुप्ता, कुलपति प्रो. एमबी चेट्टी, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा और कैप्स के निदेशक डॉ. रजनीश त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और देश को आगे बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने संस्कृति विश्वविद्यालय की विकास यात्रा, नई तकनीक और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए एआई और जीपीयू से जुड़े विकास कार्यों के लिए हीरानंदानी ग्रुप के साथ हुए टाई-अप तथा प्रस्तावित 600 बिस्तरों वाले अस्पताल का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने विश्वविद्यालय के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया। वहीं शिक्षा मंत्रालय के प्रो. ताहिर ने भी विश्वविद्यालय प्रबंधन को स्थापना दिवस की बधाई दी और विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत नवीन और उनके ग्रुप की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद दिव्यांग विद्यार्थियों के समूह ने शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी कला और शानदार तालमेल ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। दिव्यांग विद्यार्थियों ने युगल नृत्य की प्रस्तुति भी दी, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उनकी प्रतिभा का सम्मान किया।
विद्यार्थियों ने अलग-अलग नृत्य शैलियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर मंच पर विविध संस्कृतियों का रंग बिखेरा। बेंगर बॉयज और निरन ग्रुप के फास्ट बीट डांस, प्रविश ग्रुप का साल्सा, लवली ग्रुप का बेली डांस, रमा ग्रुप का साउथ इंडियन डांस, रीति ग्रुप का बॉलीवुड डांस और प्रियंका ग्रुप का पॉप डांस दर्शकों को खूब पसंद आया।
इसके अलावा दिनेश और रीतिका के रोमांटिक कपल डांस तथा कुशाग्र ग्रुप के योग डांस ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
स्थापना दिवस समारोह में फैशन रैंप वॉक और मिस्टर-मिस प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। नए विद्यार्थियों के बीच मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर के साथ मिस्टर टेलेंटेड, मिस टेलेंटेड, मिस्टर वर्सेटाइल और मिस वर्सेटाइल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
वहीं शिक्षकों के लिए भी मिस्टर टीचर और मिस टीचर प्रतियोगिता हुई। डॉ. दुर्गेश नंदन को मिस्टर टीचर और मनीषा मैम को मिस टीचर का पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को ताज और सैशे पहनाकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण के बाद ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन पर छात्र-छात्राओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृति स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट की असिस्टेंट प्रोफेसर शुभांगी सक्सेना ने किया, जबकि आयोजन के संयोजन में डॉ. दुर्गेश वाधवा की प्रमुख भूमिका रही।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर