नाला-नालियों की बदहाल स्थिति पर नगर आयुक्त सख्त, नेचर ग्रीन पर लगाया 10 लाख का जुर्माना

  • संवाददाता: पवन शर्मा
  • 1d Ago 142 Views


मथुरा में जल निकासी और सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम अब सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नाला-नालियों और जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी नेचर ग्रीन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 49 डेम्पियर नगर, बनखंडी और भरतपुर गेट क्षेत्र में प्रमुख नालों और जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वार्ड संख्या 35 बनखंडी क्षेत्र में भैंस बहोरा नाले का भी निरीक्षण किया।

अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण करते हुए नगर आयुक्त ने नालों में जल प्रवाह, जलभराव, ओवरफ्लो, निर्माण कार्य और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को बारीकी से देखा। साथ ही नाला निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी भी ली गई।

निरीक्षण के दौरान GVP और डलावघरों पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नालों की नियमित सफाई और निगरानी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट किया कि शहर की जल निकासी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल निकासी से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और नालों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now