मथुरा-भूतेश्वर रेलखंड पर हुआ गहन निरीक्षण और स्पीड ट्रायल, सीआरएस ई. श्रीनिवास ने परखीं संरक्षा व्यवस्थाएं

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 2d Ago 28 Views


मथुरा-भूतेश्वर रेलखंड के बीच नई अलवर लाइन और नई अप मुख्य लाइन पर रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस), उत्तर पूर्वी परिक्षेत्र ई. श्रीनिवास द्वारा गहन निरीक्षण एवं गति परीक्षण (स्पीड ट्रायल) किया गया। बुधवार को आयोजित इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की संरक्षा, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करना था।

निरीक्षण की शुरुआत में सीआरएस ई. श्रीनिवास ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से मथुरा से भूतेश्वर के बीच नई अलवर लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मथुरा स्थित एसएसआई पैनल कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा सिग्नल एवं परिचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप परखा। इसके पश्चात भूतेश्वर से मथुरा तक रेलखंड पर सफलतापूर्वक गति परीक्षण (स्पीड ट्रायल) किया गया। इसके बाद मथुरा-भूतेश्वर नई अप मुख्य लाइन का भी मोटर ट्रॉली से गहन निरीक्षण हुआ और फिर भूतेश्वर से मथुरा तक स्पीड ट्रायल किया गया।

निरीक्षण के दौरान रेलपथ, सिग्नल, पॉइंट और पुलों जैसी महत्वपूर्ण तकनीकी संरचनाओं की गहन जांच की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलों के गर्डर, पिलर और एंगल सहित विभिन्न संरचनात्मक हिस्सों को परखा गया। इस पूरे निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), आगरा गगन गोयल सहित आगरा मंडल के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now