हाथरस का जिला अस्पताल बना दलालों का अड्डा - सरकारी सुविधा के नाम पर मरीजों से वसूली

  • 46 days ago
  • 71 views


हाथरस का बागला जिला अस्पताल अब इलाज से ज्यादा दलाली को लेकर सवालों में है। अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है, जहां सरकारी सुविधाओं के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं।

ताजा मामला शुक्रवार का बताया जा रहा है। एटा से आया एक तीमारदार अपने मरीज को देखने के लिए बागला जिला अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान उसने अस्पताल में मौजूद एक व्यक्ति से सीने में दर्द की शिकायत की। आरोप है कि उस व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए तीमारदार को डराया और कहा कि अगर तुरंत सिटी स्कैन कराना है तो पैसे देने होंगे, वरना पहले अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा और उसके बाद ही जांच हो सकेगी।

बताया गया कि तीमारदार ने सीधे सिटी स्कैन की फीस पूछी, जिस पर कथित दलाल ने उससे पंद्रह सौ रुपये ले लिए और जांच करा दी। बाद में तीमारदार को पता चला कि सरकारी अस्पताल में सिटी स्कैन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

घटना सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में लंबे समय से दलाल सक्रिय हैं, जो मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह कर सरकारी सुविधाओं के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now