चंदौली में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश घायल; साथी भी गिरफ्तार

  • 59d Ago 261 Views


चंदौली। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। वहीं मौके से जंगल की ओर भागे उसके साथी को भी कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद होने की जानकारी है।

पुलिस के अनुसार, चकिया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम गांधी नगर-लतीफशाह रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा किया। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर पास के जंगल की ओर भाग गया।

घायल बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी, निवासी कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं जंगल की ओर फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। घेराबंदी और तलाशी के दौरान पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। उसकी पहचान सोनू अंसारी, निवासी अहरौरा, मिर्जापुर के रूप में बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ में घायल अली हसन उर्फ शेरू अंसारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिल और हथियारों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now