चलती बाइक से चैन लूट की कोशिश, महिला ने बदमाश का हाथ पकड़कर दिखाई हिम्मत; संघर्ष में सड़क पर गिरकर घायल

  • 40 days ago
  • 188 views


अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चलती बाइक पर सवार महिला से चैन लूटने की कोशिश की गई।

गनौली निवासी मिथलेश पांडेय अपने भतीजे अंशु के साथ हाजीपुर बरसेंडी स्थित मायके से बाइक द्वारा घर लौट रही थीं। इसी दौरान फूला होटल और सौभाग्य होटल के बीच सुनसान इलाके में बाइक सवार तीन बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनकी चैन छीनने की कोशिश की।

हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला ने डरने के बजाय एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया और पूरी ताकत से विरोध किया। इसी संघर्ष के दौरान वह सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल लखनऊ रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही सीओ समेत रुदौली, पटरंगा और मवई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now