बिजली कटौती से परेशान महिलाओं ने कृष्णानगर रोड किया जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

  • 46 days ago
  • 483 views


मथुरा के नए बस स्टैंड स्थित शिवपुरी कॉलोनी में पिछले करीब 20 दिनों से खराब बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार बिजली संकट और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या से परेशान महिलाओं ने बीती रात कृष्णानगर बिजली घर के बाहर कुर्सी-टेबल रखकर रोड जाम कर दिया। महिलाओं के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद रहे, जिससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद महिलाओं को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उनकी कॉलोनी का ट्रांसफार्मर दो बार फुंक चुका है, लेकिन बिजली विभाग समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दे रहा है। उनका कहना है कि अधिकारियों को फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिलते हैं और बिजली घर पहुंचने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।

स्थानीय निवासी वर्षा माहेश्वरी ने बताया कि कॉलोनी के 10 से 12 घर पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी में बिजली संकट झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पास के होटलों को सुविधा शुल्क लेकर अलग फीडर से निर्बाध बिजली सप्लाई दी जा रही है, जबकि कॉलोनी के घरों में केवल कुछ घंटों के लिए ही बिजली दी जा रही है। महिलाओं का कहना है कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं, खासकर इस समय जब बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि क्षेत्र में जल्द ही भारी क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा, जिसके बाद समस्या का समाधान हो सकेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now