पारिवारिक कलह के बाद घर छोड़कर मथुरा पहुंची नवविवाहिता, मिशन शक्ति टीम ने पति से कराया समझौता

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 2h Ago 107 Views


पारिवारिक कलह के चलते पति से नाराज होकर आगरा से मथुरा पहुंची एक नवविवाहिता को थाना छाता की मिशन शक्ति टीम ने समझा-बुझाकर उसके पति से मिलवा दिया। पुलिस की काउंसलिंग के बाद दोनों पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी एक नवविवाहिता पारिवारिक विवाद के चलते अपने पति से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई और मथुरा जनपद के कस्बा छाता पहुंच गई। यहां आने के बाद उसके पास पैसे खत्म हो गए, जिसके बाद वह मदद की उम्मीद लेकर थाना छाता पहुंची।

थाने पर तैनात मिशन शक्ति की महिला पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को सांत्वना दी और उसकी परेशानी को समझा। महिला द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके पति से संपर्क किया। सूचना मिलने पर महिला का पति भी थाना छाता पहुंच गया।

इसके बाद मिशन शक्ति कक्ष में दोनों को आमने-सामने बैठाकर संवेदनशील तरीके से काउंसलिंग की गई। पुलिस टीम ने दोनों को पारिवारिक रिश्तों के महत्व को समझाते हुए आपसी विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया। टीम के प्रयासों से दोनों ने अपनी गलतियों को स्वीकार किया और आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी हो गए।

इसके बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी एक साथ आगरा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान दोनों ने मथुरा पुलिस और थाना छाता की मिशन शक्ति टीम की त्वरित कार्रवाई एवं सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

मिशन शक्ति टीम की इस पहल ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद को संवेदनशीलता और आपसी संवाद के जरिए सुलझाने में पुलिस की सकारात्मक भूमिका को सामने रखा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now