ब्रजरज उत्सव में सुदेश भोसले की गायकी का जादू, सदाबहार गीतों पर झूम उठे दर्शक

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 2h Ago 59 Views


धर्मनगरी मथुरा में आयोजित ब्रजरज उत्सव में सोमवार को गीत-संगीत और ब्रज की लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। धौली प्याऊ स्थित रेलवे मैदान में मशहूर गायक एवं मिमिक्री कलाकार सुदेश भोसले ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके सदाबहार फिल्मी गीतों और बॉलीवुड सितारों की आवाज की हूबहू नकल ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

सुदेश भोसले की आवाज पर झूमे दर्शक

ब्रजरज उत्सव के चौथे दिन आयोजित म्यूजिकल इवनिंग में सुदेश भोसले ने अपनी गायकी और मिमिक्री से समां बांध दिया। अमिताभ बच्चन की आवाज की नकल के लिए मशहूर सुदेश भोसले ने अपनी खास अंदाज में प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने 'बड़ी देर भई नंदलाला, तेरी राह तके ब्रजवाला' गीत से की। इसके बाद सांसद एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी की मौजूदगी में उन्होंने उनके साथ 'क्या खूब लगती हो, बड़ी सुंदर दिखती हो' गीत प्रस्तुत किया। वहीं, 'प्यार दीवाना होता है, मस्ताना होता है' जैसे सदाबहार गीतों ने संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

ब्रज की लोक संस्कृति ने मोहा मन

ब्रजरज उत्सव में केवल फिल्मी संगीत ही नहीं, बल्कि ब्रज की समृद्ध लोक संस्कृति की भी मनमोहक झलक देखने को मिली। लोकगीतों के साथ कथक और चरकुला नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

वृंदावन में रासलीला की प्रस्तुति

उत्सव के अंतर्गत वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में गीता शोध संस्थान के प्रशिक्षुओं ने रासलीला का मंचन किया। संगीत, संवाद और अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्रजरज उत्सव ब्रज की संस्कृति, कला और परंपराओं को मंच प्रदान कर रहा है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले में लगे हस्तशिल्प, हथकरघा और खानपान के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

ब्रजरज उत्सव में सुदेश भोसले की शानदार प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को यादगार शाम का अनुभव कराया। गीत-संगीत, लोकनृत्य और भक्ति की त्रिवेणी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now