वृंदावन में AC ब्लास्ट से चार मंजिला इमारत में भीषण आग, ठाकुर जी की पोशाकें जलकर राख

  • 4h ago
  • 189 views


धर्मनगरी वृंदावन के रेतिया बाजार में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी एसबीआई बिल्डिंग के पीछे स्थित एक चार मंजिला मकान में अचानक एसी फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर तीसरी और चौथी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मकान स्थानीय निवासी पार्थ बंसल और अमित बंसल का है। भवन की निचली मंजिलों पर परिवार रहता है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर राधा-कृष्ण पोशाक भंडार का गोदाम और पैकिंग कार्य संचालित होता था। चौथी मंजिल पर हुए एसी ब्लास्ट के बाद निकली चिंगारियों ने वहां रखी पोशाकों और कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और पानी का टैंकर मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा। राहत की बात यह रही कि समय रहते इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि इस अग्निकांड में ठाकुर जी की तैयार पोशाकें, कपड़े और भारी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया। व्यापारी को करीब 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया जा रहा है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now