ईद पर अमन-चैन की दुआ में झुके हजारों सिर, सड़कों पर नमाज़ न पढ़ने के फैसले की सराहना

  • 8h ago
  • 100 views


कान्हा की नगरी मथुरा में ईद-उल-अज़हा का त्योहार गुरुवार को शांति, सौहार्द और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। सुबह से ही शहर की ऐतिहासिक शाही ईदगाह और जामा मस्जिद समेत विभिन्न इबादतगाहों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी।

नमाज के दौरान हजारों सिर एक साथ अमन, भाईचारे और देश की खुशहाली की दुआ में झुकते नजर आए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि मस्जिदों में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही प्रवेश दिया गया। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं।

व्यवस्थाओं की कमान खुद चंद्र प्रकाश, श्लोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी और आईपीएस आशना चौधरी ने संभाल रखी थी।

इस दौरान डॉ. अबरार हुसैन और मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। वहीं शाही ईदगाह मस्जिद कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने कहा कि सड़कों पर नमाज पढ़ना उचित नहीं है और समाज का कोई भी व्यक्ति इसकी जिद नहीं कर रहा। उन्होंने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि सभी लोगों ने मस्जिदों में ही नमाज अदा की है और प्रशासन द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का पालन किया जा रहा है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बकरीद के मद्देनजर पूरे जनपद को 4 सुपर जोन, 9 जोन और 40 सेक्टरों में बांटा गया था, जहां शांतिपूर्ण तरीके से नमाज संपन्न कराई गई।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now