📢 WEBSITE BANNER & IMAGE ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE • Starting Just ₹100/Day • 📞 Call / WhatsApp: +91 7900659808

https://www.abhinews.co.in/news/mathur-bhajap-karyalay-ke-bagal-me-badahali-jalabharav-ke-virodh-me-logon-ne-suru-ki-aniscitakalin-bhukh-haratal

स्मैक के विवाद में दोस्त को जिंदा कुएं में फेंका, 3 साल बाद मिला नरकंकाल; दो आरोपी गिरफ्तार

  • 9h ago
  • 151 views


मथुरा पुलिस ने तीन साल पुराने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्मैक के अवैध कारोबार में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर आरोपियों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी थी और उसके शव को कुएं में फेंककर ऊपर से मिट्टी और कचरा डाल दिया था।

मामला थाना हाईवे क्षेत्र के बाजना गांव का है। 20 अक्टूबर 2023 को 28 वर्षीय लाखन सिंह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अब तीन साल बाद पुलिस ने कुएं से लाखन का नरकंकाल बरामद कर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है।

पुलिस जांच में सामने आया कि लाखन सिंह स्मैक के कारोबार से जुड़ा था और आरोपी टीकम खान तथा महेश उसके साथ नशा भी करते थे। स्मैक के धंधे में हिस्सेदारी और आपसी विवाद के चलते दोनों ने हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने लाखन को सुनसान खेत में स्थित एक कुएं के पास ले जाकर पहले उसे स्मैक का अधिक नशा कराया और जब वह बेसुध हो गया तो उसे जिंदा ही कुएं में धक्का दे दिया। इसके बाद हत्या के सबूत मिटाने के लिए कुएं में मिट्टी और कचरा भर दिया।

हैरानी की बात यह रही कि दोनों आरोपी तीन साल तक बेखौफ घूमते रहे और परिजनों के साथ मिलकर लाखन को खोजने का दिखावा भी करते रहे। लेकिन हाल ही में आरोपी टीकम खान का अपने भतीजे सोना खान से विवाद हो गया। गुस्से में उसने हत्या का पूरा राज उजागर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कुएं की खुदाई कराई, जहां से लाखन का नरकंकाल बरामद हुआ। परिजनों ने कपड़ों और गले में पहनी कंठी के आधार पर उसकी पहचान की।

परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बाजना रेलवे लाइन अंडरपास के पास से आरोपी टीकम खान और महेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने में थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल, उपनिरीक्षक केशव वशिष्ठ, प्रदीप कुमार, तथा हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और सुरेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से तीन साल पुराने ब्लाइंड मर्डर केस का आखिरकार पर्दाफाश हो गया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now