सवारियां छोड़कर घर लौट रहा था टेंपो चालक, रास्ते में काल बनकर आया अज्ञात वाहन; दर्दनाक मौत

  • 38 days ago
  • 262 views


मथुरा। सवारियों को उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने के बाद घर लौट रहे एक मेहनतकश टेंपो चालक की जिंदगी सड़क हादसे में हमेशा के लिए थम गई। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव उसपार निवासी मुकेश पुत्र भागीरथ सोमवार रात अपने टेंपो से घर वापस लौट रहा था, लेकिन उसे क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले ही मौत उसका इंतजार कर रही है। रास्ते में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसके टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे न्यूरो हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जब परिजन अंतिम उम्मीद के तौर पर उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुकेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद गांव उसपार के ग्राम प्रधान ने बताया कि मुकेश रोजाना की तरह सवारियां छोड़कर खुशी-खुशी अपने घर लौट रहा था, लेकिन एक बेकाबू अज्ञात वाहन उसकी जिंदगी लील गया। उन्होंने कहा कि चंद मिनटों में एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं परिजन दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now