राया में दो बसों की जोरदार भिड़ंत, चार घायल; एक चालक मौके से फरार

  • संवाददाता: पंकज गुप्ता
  • 1h Ago 75 Views


मथुरा के थाना राया क्षेत्र में बुधवार तड़के बरेली-मथुरा हाईवे पर दो बसों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा कोयल फाटक सर्विस रोड कट के समीप हुआ, जिसमें दोनों बसों के चालकों समेत चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, हादसे के बाद दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों बसें जयपुर से बरेली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक बस के चालक ने अचानक बस को सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया। तभी पीछे से आ रही दूसरी बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में चार लोग घायल हो गए।

घायलों में बस चालक कासिम पुत्र सैफल हुसैन निवासी बरेली, यात्री नन्हे पुत्र चंद्रपाल निवासी बदायूं, शौकीन पुत्र बुद्धसहाय निवासी पीलीभीत और धारू सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी राजस्थान शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी इंतजार अली और त्रिदेव शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

वहीं, हादसे के बाद दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now