हतीसा भगवन्तपुर में 7.5 करोड़ की लागत से बनेगा अटल कन्वेंशन सेंटर, प्रभारी मंत्री ने किया शिलान्यास

  • 45 days ago
  • 241 views


हाथरस जनपद के ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां करीब 7 से 7.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंगलवार को ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस निर्माण परियोजना का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ किया गया। भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि लगभग 7 से 7.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह कन्वेंशन सेंटर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। करीब 200 लोगों की क्षमता वाले इस केंद्र में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत गेस्ट हाउस का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में विभिन्न आयोजनों और अतिथियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now