वृंदावन में बिजली कटौती से भड़के लोग, परिक्रमा मार्ग पर लगाया जाम, पुलिस के आश्वासन पर खुले रास्ते

  • 9h ago
  • 195 views


वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित गणेश आश्रम और मोर कुटी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ बुधवार देर रात स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती की जा रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा था, जिसके चलते मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू कराने का आश्वासन दिया।

करीब एक घंटे तक चले हंगामे और जाम के बाद पुलिस के हस्तक्षेप तथा अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात दोबारा सामान्य हो सका।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now