नरहौली बारात विवाद में नया मोड़, ठाकुर समाज बोला- हमने नहीं रोकी बारात, साजिश के तहत लगाए जा रहे आरोप

  • 6h ago
  • 129 views


मथुरा के नरहौली गांव में दलित दुल्हन की बारात के दौरान हुए बवाल और पथराव के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जहां एक ओर बारात पक्ष ने मारपीट, पथराव और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर ठाकुर समाज ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

गुरुवार को रालोद के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ठाकुर समाज के लोग बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। ठाकुर समाज का कहना है कि दलित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं।

समाज के लोगों का आरोप है कि विवाद की शुरुआत बारात में शामिल कुछ लोगों द्वारा एक मिठाई की दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट से हुई। उनका दावा है कि इस घटना में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

ठाकुर समाज ने यह भी आरोप लगाया कि बारात में शामिल महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर हमला करते हुए पथराव और मारपीट की। इस पूरे मामले को लेकर रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह ने भी बयान देते हुए कहा कि इस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने इस मामले पर राजनीति करने की कोशिश की तो उसका जवाब दिया जाएगा।

वहीं सोनू ठाकुर ने पूरे प्रकरण को एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि उनके समाज को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है। ठाकुर समाज ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और निर्दोष लोगों को न फंसाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि न्याय नहीं मिला तो समाज आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

फिलहाल मथुरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now