रिफाइनरी पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को पकड़ा, 2530 रुपये और ताश की गड्डी...
- 18m ago
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत थाना सदर बाजार पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को दामोदरपुरा स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियमों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसी घटनाओं की शिकायत के लिए महिला पावर लाइन 1090 पर संपर्क करने और संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। छात्राओं को अपनी समस्याओं के बारे में परिवार के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान छात्राओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहने, निजी जानकारी साझा न करने और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।
इसके साथ ही छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। पुलिस टीम ने जानकारी दी कि इस योजना के माध्यम से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
छात्राओं को बताया गया कि योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी सफलता में बाधा न बने।
थाना सदर बाजार पुलिस की इस पहल के माध्यम से छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, अधिकारों की जानकारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं सरकारी सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर