कोतवाली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 1d Ago 154 Views


महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए बताया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने अथवा चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसी घटनाओं की शिकायत के लिए महिला पावर लाइन 1090 पर संपर्क करने और संबंधित थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया गया।

आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी मदद

पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस टीम ने उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।

सोशल मीडिया के इस्तेमाल में बरतें सावधानी

जागरूकता अभियान के दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के बारे में जानकारी दी।

इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर

मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। जानकारी दी गई कि इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।

पुलिस टीम ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बने।

इस अभियान के माध्यम से थाना कोतवाली नगर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति सजग रहने, अपने अधिकारों को समझने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस तथा सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now