सुबह 4 बजे सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त ओजस्वी राज, ठेकेदारों को अल्टीमेटम- 10 अगस्त तक पूरा करें काम

  • 16h ago
  • 179 views


मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर नगर निगम मथुरा-वृंदावन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज स्वयं भूतेश्वर से मसानी तक पैदल निरीक्षण के लिए पहुंचे और सड़क मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भूतेश्वर अंडरपास से जुड़े उस मार्ग का निरीक्षण किया, जहां लंबे समय से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलकल विभाग द्वारा मसानी नाले से भूतेश्वर अंडरपास तक पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछने के बाद कई स्थानों पर सड़क धंसने और बड़े गड्ढे बनने की शिकायतों को उन्होंने गंभीरता से लिया।

मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए नगर आयुक्त ने ठेकेदार को तत्काल निर्माण सामग्री और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर पर्याप्त लेबर नहीं बढ़ाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड (पेनल्टी) लगाई जाएगी।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत, पैचवर्क और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य 10 अगस्त तक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी मथुरा का सबसे बड़ा धार्मिक पर्व है और श्रद्धालुओं की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करना होगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now