24 घंटे में गुमशुदा बुजुर्ग पर्यटक को परिवार से मिलाया, आगरा पर्यटन पुलिस की तत्परता लाई मुस्कान

  • 1 day ago
  • 145 views


आगरा पर्यटन पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता की बदौलत छत्तीसगढ़ से ताजमहल घूमने आए 70 वर्षीय गुमशुदा बुजुर्ग पर्यटक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उनके परिवार से मिला दिया गया। अपने परिजन को सुरक्षित देखकर परिवार की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।


छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी 70 वर्षीय नोहर खुटे अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आगरा आए थे। 28 जुलाई को मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने पर्यटन थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही पर्यटन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगातार खोजबीन की और महज 24 घंटे के भीतर बुजुर्ग नोहर खुटे को सकुशल बरामद कर लिया।

इसके बाद पुलिस ने बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने परिवार के सदस्य को सुरक्षित वापस पाकर परिजन भावुक हो गए। उन्होंने आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की जमकर सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।

यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि आगरा पर्यटन पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में, बल्कि पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।

 
 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now