भव्य शोभायात्रा के साथ होगा आचार्य सुरत्न सागराचार्य का चातुर्मास मंगल प्रवेश, जैन समाज ने पूरी की तैयारियां

  • 12h ago
  • 98 views


जैन समाज द्वारा परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुरत्न सागराचार्य जी महाराज के चातुर्मास मंगल प्रवेश को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर 1 अगस्त (शनिवार) को मथुरा में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी शामिल होंगे।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे मंडी चौराहा से होगा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री दिगंबर जैन चौरासी मंदिर, कृष्णा नगर पहुंचेगी, जहां आचार्य श्री 108 सुरत्न सागराचार्य जी महाराज का विधिवत चातुर्मास मंगल प्रवेश संपन्न होगा।

आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा में धर्मध्वज, स्काउट बैंड, श्रवण ज्ञान भारती बैंड और भजन मंडलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के साथ आचार्य श्री का स्वागत करेंगे।

जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को भव्य, दिव्य और अनुशासित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगल प्रवेश के बाद श्री दिगंबर जैन चौरासी मंदिर परिसर में मंगल प्रवचन, धर्मसभा एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा 3 अगस्त को चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

प्रेस वार्ता में जैन समाज के अध्यक्ष राहुल जैन, महामंत्री डॉ. जयप्रकाश जैन, प्रमोद जैन, संजीव जैन, योगेश जैन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now