सड़कों से शराब के ठेकों तक ASP आशना चौधरी का सघन अभियान, खुले में जाम छलकाने वालों पर पुलिस का शिकंजा

  • 1 day ago
  • 224 views


मथुरा में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। एएसपी आशना चौधरी ने शहर कोतवाली क्षेत्र के सौंख रोड से लेकर मंडी चौराहे तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी गहन जांच की। वाहनों की डिग्गियां खुलवाकर तलाशी ली गई ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दर्जन से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं, नियमों के विपरीत काली फिल्म लगी दो कारों के शीशों से मौके पर ही फिल्म उतरवाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एएसपी आशना चौधरी ने सौंख रोड स्थित शराब के ठेकों और ताज होटल के आसपास भी निरीक्षण किया। खुले में शराब पीकर माहौल खराब करने वाले लोगों को पुलिस ने कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेका संचालकों को भी व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर फैले अतिक्रमण और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर एएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने शराब ठेका और होटल संचालकों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने के निर्देश दिए। चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा लापरवाही मिली तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी आशना चौधरी ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान शहर की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता, नियमों की अनदेखी या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान शहर कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा, कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now