पार्षदों से मुलाकात का दिन और समय तय, नगर आयुक्त ने जारी किए निर्देश

  • संवाददाता: पवन शर्मा
  • 12h Ago 155 Views


मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने पार्षदों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर आयुक्त से मुलाकात का दिन और समय निर्धारित कर दिया है। अब पार्षद निर्धारित समय के दौरान ही नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और जनहित के मुद्दे रख सकेंगे।

नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक वृंदावन जोन कार्यालय में पार्षदों से मुलाकात की जाएगी। वहीं बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक भूतेश्वर स्थित मुख्य नगर निगम कार्यालय में पार्षदों के लिए मुलाकात का समय निर्धारित किया गया है।

भूतेश्वर स्थित मुख्य कार्यालय में भूतेश्वर, सिटी और औरंगाबाद जोन से संबंधित पार्षद अपनी समस्याएं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषय नगर आयुक्त के सामने रख सकेंगे।

नगर आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समय के दौरान पार्षदों द्वारा प्रस्तुत जन समस्याओं, विकास कार्यों और नगरहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से सुना जाएगा। समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

आदेश में नगर निगम के सभी अपर नगर आयुक्तों, सहायक नगर आयुक्तों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि पार्षदों द्वारा दिए गए पत्रों और उनके माध्यम से उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए।

साथ ही संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को पार्षदों के साथ शिष्टाचार एवं सम्मानजनक व्यवहार रखने के लिए भी कहा गया है।

नगर निगम की इस नई व्यवस्था से पार्षदों को अपनी समस्याएं और क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दे नगर आयुक्त के समक्ष रखने के लिए एक निर्धारित समय मिलेगा, जिससे शिकायतों और विकास कार्यों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now