कोलकाता के होटल में भीषण आग, 9 बांग्लादेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत

  • 6h ago
  • 69 views


कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में करीब 2 बजे आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, आग उस वक्त लगी जब होटल में ठहरे ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। अचानक धुआं और आग की लपटें उठने से होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घना धुआं होने के कारण बचाव अभियान में दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।

हादसे में जान गंवाने वालों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में कई बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। हादसे के बाद होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

इस दर्दनाक हादसे ने होटल की फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now