दिनदहाड़े किराना व्यापारी को दबंगों ने पीटा, CCTV में कैद हुई वारदात

  • 9h ago
  • 111 views


रिपोर्ट: गौरव चतुर्वेदी/ब्रजवासी लाल

मथुरा शहर के हृदय स्थल होलीगेट के गोविंद गंज में दिनदहाड़े गुंडागर्दी
का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर शराब के नशे में धुत दबंगों ने एक किराना व्यापारी की दुकान में घुसकर जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि दबंगों ने व्यापारी माधव अग्रवाल और उनके कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र के गोविंद गंज में व्यापारी माधव अग्रवाल अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान इलाके के रहने वाले शुभम सिंह अपने पिता पिल्लोली सिंह और दो अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे और लोहे के पाइप लेकर दुकान में दाखिल हुए। आरोप है कि दुकान में घुसते ही दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और व्यापारी व कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान व्यापारी और उनके कर्मचारियों को चोटें आईं। आरोप है कि दबंगों ने दुकान के सामान में भी तोड़फोड़ की और कई सामान सड़क पर फेंक दिए। इसके बाद आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में इस वारदात को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पीड़ित के पिता राकेश अग्रवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर शहर के सबसे प्रमुख इलाके होली गेट के पास दिनदहाड़े व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।

वहीं, घटना को लेकर व्यापारी संगठनों में भी आक्रोश है। व्यापारियों ने इस तरह की दबंगई और खुलेआम मारपीट के खिलाफ आवाज उठाई है। फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर नजर बनी हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now