संपूर्ण समाधान दिवस में DM-SSP ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, सदर तहसील के कार्यालयों का...
- 10h ago
मथुरा। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के बाद डीएम और एसएसपी ने सदर तहसील परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी फरियादी तहसील दिवस अथवा किसी सरकारी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले लोगों को सरकारी एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों के मामलों में जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रीय जनसमस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कर पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाई जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस समाप्त होने के बाद डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने सदर तहसील के विभिन्न कार्यालयों और पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई की व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया।
डीएम ने सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो/बीआरसी कक्ष, प्रभारी कंप्यूटर नकल खतौनी कक्ष और राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बस्ता सूची रजिस्टर का अवलोकन करते हुए उसे पूर्ण और अपडेट रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को दाखिल-खारिज की कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा सभी कर्मचारियों की सर्विस बुक अपडेट रखने और राजस्व अभिलेखों का सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सदर तहसील में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं महावन तहसील में 50 शिकायतों में से 5 का निस्तारण मौके पर किया गया।
मांट तहसील में 37 शिकायतें प्राप्त हुईं और 7 का मौके पर निस्तारण किया गया। गोवर्धन तहसील में 29 शिकायतों में से 3 शिकायतों का समाधान मौके पर हुआ, जबकि छाता तहसील में प्राप्त 46 शिकायतों में से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस तरह जिले की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 214 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर