कांवड़ यात्रा को लेकर DM-SSP ने तैयारियों का लिया जायजा, 41 शिव मंदिरों पर CCTV से रहेगी नजर

  • 13h ago
  • 102 views


रिपोर्ट: आरती शर्मा

मथुरा। सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मथुरा प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और रोडवेज सहित अन्य संबंधित विभागों को कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, सड़क, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन के मुताबिक, जनपद के 41 शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जाता है। प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों की क्षेत्रवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिससे किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार साउंड बॉक्स 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों को निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाने को कहा गया है। अश्लील एवं आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर भी रोक रहेगी।

इसके अलावा कांवड़ यात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उन मार्गों पर स्थित मीट की दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और पुलिस ने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में जलाभिषेक कर सकें।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now