पति की मौत के बाद विधवा को प्रताड़ित करने का आरोप, गोवर्धन थाने पहुंचकर लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार

  • 15h ago
  • 103 views


मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के जतीपुरा गांव की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता शशिबाला ने शनिवार को थाना गोवर्धन पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता के मुताबिक, उनके पति अशोक कुमार का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो गया था। आरोप है कि पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। महिला का कहना है कि आए दिन उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और घर से निकालने की धमकी दी जाती है। मामले को आपसी बातचीत से सुलझाने के लिए कई बार समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद परिस्थितियों में कोई सुधार नहीं हुआ।

शशिबाला ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से इलाज कराने या अन्य सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया गया। इसके बाद पीड़िता ने अपने मायके पक्ष के लोगों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मायके के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया।

उपचार के बाद पीड़िता थाना गोवर्धन पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की मांग की। महिला ने पुलिस से ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now