B R E A K I N G   N E W S : हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे कांवड़ियों पर गिरा लोहे का गार्डर, दो की मौत

  • 10h ago
  • 169 views


हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। बहादराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे कांवड़ियों के ऊपर अचानक लोहे का गार्डर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे। शनिवार को यात्रा के दौरान वे बड़ेड़ी राजपूतान क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान ऊपर रखा लोहे का गार्डर अचानक फिसलकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायल कांवड़ियों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय रुड़की पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज पुत्र महेश चंद्र, निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर और 22 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरु, निवासी शकूरपुर, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतकों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। कांवड़ यात्रा के बीच हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now