करवा चौथ के व्रत पर भी मरीजों की सेवा में जुटीं महिला चिकित्सक और नर्सें

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 1h Ago 81 Views


करवा चौथ का त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। इस पर्व को लेकर महिलाएं कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर देती हैं। सोलह श्रृंगार, हाथों में मेहंदी और पूरे उत्साह के साथ महिलाएं इस त्योहार को मनाती हैं।

लेकिन मथुरा के जिला अस्पताल में कुछ महिला चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ ऐसी भी हैं, जिन्होंने करवा चौथ के व्रत के साथ-साथ मरीजों की सेवा को अपनी पहली प्राथमिकता बनाया है।

गुरुवार को जहां देशभर में करवा चौथ का त्योहार पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, वहीं मथुरा के जिला अस्पताल में महिला चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ अपनी जिम्मेदारियां निभाती नजर आईं।

खास बात यह रही कि इन महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने करवा चौथ का व्रत रखने के बावजूद मरीजों की देखभाल में कोई कमी नहीं आने दी। अस्पताल में भर्ती मरीजों का उपचार और उनकी सेवा इनके लिए सबसे महत्वपूर्ण रही।

जब ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि करवा चौथ उनके लिए बेहद खास पर्व है। उन्होंने अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखा है, लेकिन मरीजों की सेवा करना भी उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान मरीजों की देखभाल उनकी पहली प्राथमिकता है। अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद वे परिवार के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाएंगी।

मथुरा के जिला अस्पताल में महिला स्वास्थ्यकर्मियों का यह समर्पण बताता है कि त्योहारों की खुशियों के बीच भी सेवा और कर्तव्य का महत्व कम नहीं होता। करवा चौथ का व्रत निभाने के साथ मरीजों की सेवा में जुटीं इन महिलाओं का जज्बा वाकई सराहनीय है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now