PNB बैंक में करोड़ों की FD गायब! मैनेजर समेत 5 कर्मचारी सस्पेंड - पुलिस को मिलीं 16 शिकायतें

  • 12h Ago 151 Views


बैंक में अपनी मेहनत की कमाई जमा करने वाले ग्राहकों के लिए ग्रेटर नोएडा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में कई खाताधारकों की एफडी से करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का आरोप लगा है। किसी के खाते में लाखों रुपये कम मिले, तो किसी के खाते से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम गायब होने की शिकायत सामने आई है। मामले में बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस और बैंक की एंटी करप्शन टीम जांच में जुटी हैं।

मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से जुड़ा है। आरोप है कि कई खाताधारकों की जानकारी या अनुमति के बिना उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी समय से पहले तोड़ी गई और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब एक खाताधारक के परिजन बैंक से पैसे निकालने पहुंचे। उनका दावा है कि खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे, लेकिन जांच करने पर महज 16 हजार रुपये शेष मिले।

एक अन्य खाताधारक ने आरोप लगाया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में करीब एक करोड़ 29 लाख रुपये जमा हुए थे। परिवार के मुताबिक, कुछ रकम निकालने के बाद भी खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक बचे होने चाहिए थे, लेकिन अब खाते में रकम नहीं होने की बात सामने आई।

इन शिकायतों के बाद बैंक प्रबंधन हरकत में आया। बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया और शाखा में नए स्टाफ की तैनाती की गई।

नोएडा पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक 16 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है, जबकि बैंक की एंटी करप्शन टीम भी कथित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल यह जांच का विषय है कि खातों से रकम कैसे निकाली गई या दूसरे खातों में ट्रांसफर हुई। जांच पूरी होने के बाद ही कथित हेराफेरी की कुल रकम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now