“हर घर गंगाजल” के दावों पर सवाल: आगरा के छिपीटोला में पानी संकट से नाराज़ लोगों का उग्र प्रदर्शन

  • 2 days ago
  • 153 views


ताजनगरी आगरा के छिपीटोला क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय से नियमित जलापूर्ति न होने से परेशान क्षेत्रवासियों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई वर्षों से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। हालात ऐसे हैं कि लोगों को दूर-दराज इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है और महिलाएं-बच्चे घंटों कतारों में लगकर पानी भरने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की कमी ने जीवन बेहद कठिन बना दिया है। सुबह से देर रात तक नलों में पानी का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन सप्लाई अक्सर ठप रहती है।

क्षेत्रीय महिलाओं ने बताया कि पानी की कमी से घर के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों-बुजुर्गों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं।

प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now