एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, सवा करोड़ का 250 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 1h Ago 66 Views


मथुरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने थाना रिफाइनरी क्षेत्र में एनएच-2 पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की बात सामने आई है। फिलहाल, पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने थाना रिफाइनरी क्षेत्र में एनएच-2 पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में छिपाकर रखा गया 250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कंटेनर में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार, नासिर और आशिफ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी सतीश कुमार ने बताया कि वे 17 अक्टूबर को खाली कंटेनर लेकर उड़ीसा के ब्रह्मपुर गए थे। वहां अपने परिचित जितेंद्र के संपर्क में आने के बाद गांजा खरीदा गया और उड़ीसा के रायपंखा में कंटेनर के अंदर लोड किया गया। इसके बाद गांजे की खेप को उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा के आसपास के इलाकों में शमशेर नाम के व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


नशे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में जितेंद्र और शमशेर की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now