गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार थार पलटी, 4 दोस्तों की मौत

  • 32 days ago
  • 237 views


हापुड़ | उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बदायूं से दिल्ली जा रहे पांच दोस्त सवार तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के कई बार पलटने से उसके परखच्चे उड़ गए और चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 11:56 बजे हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) को मृत घोषित कर दिया। घायल विष्णु (17) का इलाज जारी है।

शुरुआती जांच में पुलिस ओवर स्पीड को हादसे की मुख्य वजह मान रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की थार तेज गति से दौड़ रही थी और अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद 5 से 6 बार पलटती हुई सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने वाहन हटाकर सामान्य कराया।

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now