फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, घरों में मचा कोहराम

  • 65 days ago
  • 280 views


मथुरा के नेशनल हाईवे स्थित गोवर्धन चौराहा फ्लाईओवर पर गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रक ने अपाचे बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान वृंदावन के बाराघाट निवासी जयकृष्ण उर्फ निक्की और गोरा नगर निवासी रवि सैनी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों दोस्त कैटरिंग का पेमेंट लेने जा रहे थे। रवि सैनी पेशे से हलवाई था और अपने दोस्त निक्की के साथ बाइक से फ्लाईओवर पार कर रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक दोनों युवकों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

घर पहुंची मौत की खबर के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक रवि सैनी की पत्नी सपना गर्भवती है। परिवार में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन पति की मौत की खबर सुनते ही सपना बेसुध हो गई। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार होश खो रही है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now