फरीदाबाद में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, डीटीपी विभाग ने 38 एकड़ में फैले निर्माण किए ध्वस्त

  • 91d Ago 236 Views


हरियाणा के फरीदाबाद में अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार यानी डीटीपी विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। विभाग ने नेशनल हाईवे-19 के पास विकसित की जा रही दो अवैध व्यावसायिक कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।

फरीदाबाद में अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को डीटीपी एनफोर्समेंट की टीम ने नेशनल हाईवे-19 स्थित गांव सीकरी और प्याला के पास विकसित की जा रही दो अवैध व्यावसायिक कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की।

विभाग ने करीब 30 एकड़ और 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इन दोनों कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

डीटीपी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित निर्माणकर्ताओं को पहले कई बार नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने और ढांचे हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन नियमों की लगातार अनदेखी किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं डीटीपी एनफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी की निगरानी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माणों को गिराया गया। उन्होंने कहा कि जिले में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध व्यावसायिक इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now