पानीगांव में मौत को दावत देता ट्रांसफार्मर, बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

  • 129d Ago 254 Views


मांट क्षेत्र के पानीगांव में बिजली विभाग की लापरवाही एक बड़े हादसे को न्योता दे रही है। मदा थोक स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम जाने वाले मार्ग पर लगा विद्युत ट्रांसफार्मर बेहद कम ऊंचाई पर होने से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर जमीन से लगभग दो फीट की ऊंचाई पर रखा हुआ है, जिसके पास से दिनभर बच्चों, ग्रामीणों और पशुओं का आवागमन होता रहता है। ऐसे में किसी भी समय करंट लगने या हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात या तकनीकी खराबी की स्थिति में खतरा और बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इसी ट्रांसफार्मर से करंट लगने की घटना में पशुओं की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा ग्रामीण साहब सिंह के मकान के पास से गुजर रही विद्युत लाइन भी खतरे का कारण बनी हुई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लाइन को ऊंचा करने के लिए लखनऊ तक शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now